फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चारों धाम बर्फ से लकदक, कड़ाके की ठंड

Sun, 14 Dec 2014 02:20 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
कई दिनों के इंतजार के बाद आखिर इंद्रदेव मेहरबान हो गए। पहाड़ों की चोटियों पर चांदी पसर गई तो मैदानी क्षेत्रों में रिमझिम बारिश हुई। चारों धामों ने भी बर्फ की चादर ओढ़ ली है।
विज्ञापन


प्रदेश में इस सीजन की पहली बर्फबारी और बारिश से ठंड काफी बढ़ गई है। लेकिन सैलानियों, कारोबारियों और किसानों के चेहरे खिल उठे। अब पर्यटकों के आने का सिलसिला तेज होने की उम्मीद है। कई फसलों के लिए यह बारिश लाभकारी होगी। रविवार को भी प्रदेश में बारिश, बर्फबारी के आसार हैं।

कई इलाकों में शुक्रवार रात से ही बादल घिरने लगे थे। चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार रात से बारिश और बर्फबारी होने लगी। शनिवार तक बदरीनाथ धाम में चार इंच और हेमकुंड साहिब में पांच इंच तक बर्फबारी हुई। औली, नंदा घुंघटी, रुद्रनाथ, चोपता बुग्याल, लाल माटी और जोशीमठ के पास चोटियों पर भी बर्फ गिरी।
विज्ञापन

केदारनाथ में पारा माइनस में पहुंचा

रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ धाम और अन्य ऊंचाई वाली चोटियों पर हिमपात हुआ। शनिवार सुबह केदारनाथ में तापमान माइनस 1 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर 12 बजे मौसम बिगड़ने के बाद यह माइनस 3.5 डिग्री तक जा पहुंचा। सवा तीन बजे धाम में पारा मानइस 1.5 डिग्री पर था।

उत्तरकाशी में यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। सुक्की, हर्षिल, हरकीदून, सांकरी क्षेत्र में भी बर्फ गिरी। गंगोत्री आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पारा 0 से 4 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।

देहरादून, हरिद्वार समेत अधिकांश इलाकों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। पहाड़ों की रानी मसूरी में सुबह रिमझिम बारिश हुई। पर्यटन नगरी दिनभर कोहरे के आगोश में रही। देर शाम को हल्के ओले गिरे।

मसूरी के पास धनोल्टी, सुरकंडा देवी मंदिर और नागटिब्बा की पहाड़ियों पर मौसम का पहला हल्का हिमपात हुआ। हालांकि यहां बर्फ की फुहारें ज्यादा देर तक नही टिक पाईं।
विज्ञापन

दून में शनिवार सीजन का सबसे ठंडा दिन

देहरादून जिले में जौनसार बावर की ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात हुआ। चकराता की ऊंची चोटियां बर्फ से लकदक हो गईं। शनिवार को चकराता का अधिकतम तापमान 10 और न्यूनतम शून्य डिग्री रिकार्ड किया गया। यह शनिवार दून में इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। पारे में लगभग 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

दून में दिन का तापमान 15.2 डिग्री रहा। अल्मोड़ा में 1.5 डिग्री सेलिसयस पारे के साथ शुक्रवार की रात सबसे सर्द दर्ज की गई। कुमाऊं में भी चोटियों पर हिमपात और कई इलाकों में बारिश हुई है।

पिथौरागढ़ में पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा चोटी पर शनिवार सुबह से ही हिमपात होने लगा। छिपलाकेदार में हल्का हिमपात हुआ है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। चंपावत, लोहाघाट सहित अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को हल्की बारिश हुई।

प्याज, मटर, गेहूं के लिए फायदेमंद
विशेषज्ञों के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में हुई हल्की बारिश प्याज, मटर और सब्जी की अन्य फसलों के लिए  लाभदायक रहेगी। मैदानी इलाकों में खेतों में खड़ी गेहूं की फसल के लिए भी यह बारिश फायदेमंद है। ऐसे में इस बारिश से किसान काफी खुश हैं।

पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित
मौसम के बदले मिजाज से केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य भी प्रभावित हुए हैं। सुबह काम देरी से शुरू हो सका। दिन में भी डेढ़ घंटे तक काम बंद करना पड़ा। तेज बर्फीली हवाओं के कारण शाम को भी मजदूरों को जल्द ही काम बंद कर देना पड़ा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें