केदारनाथ में हल्की बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी से शनिवार शाम छह बजे तक करीब 5 इंच नई बर्फ जम गई थी। इससे धाम का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यहां तीन मई से शुरू होने वाली यात्रा की तैयारियां प्रभावित हुई हैं।
शनिवार दोपहर बाद केदारनाथ में मौसम खराब हो गया। दोपहर 12 बजे आधा घंटे हल्की बारिश हुई। इसके बाद काफी तेज ओलावृष्टि, जबकि पौने एक बजे के केदारनाथ में बर्फबारी शुरू हो गई, जो शाम 4.30 बजे से और तेज हो गई है।
शाम छह बजे तक करीब 5 इंच तक नई बर्फ जम गई थी। छानी कैंप से रामबाड़ा तक भी हल्की बर्फबारी जारी थी। बीते पांच दिन से दोपहर बाद मौसम खराब होने का सिलसिला बना हुआ है। इस कारण 3 मई से शुरू हो रही यात्रा की तैयारियां और केदारनाथ के पुनर्निर्माण के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। निम के प्रभारी कैप्टन सोबन सिंह बिष्ट ने बताया कि 25 अप्रैल से दोपहर बाद मौसम खराब हो रहा है।
जनपद में दोपहर बाद मौसम का रूख बदला। गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में शाम को कुछ देर झमाझम बारिश हुई। निचले इलाकों में अंधड़ व ठंडी हवाएं चलने से तापमान गिरा है।