नौ साल की मासूम ने छत पर अपनी बड़ी बहन को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजन स्थिति में देख लिया। इसके बाद बहन इतनी हैवान बन गई कि उसने प्रेमी के साथ मिलकर मासूम को मौत के घाट उतार दिया।
गदरजुड्डा में 9 वर्षीय नाबालिग की हत्या उसकी सगी नाबालिग बहन और उसके प्रेमी ने मिलकर की थी। रविवार को पत्रकार वार्ता में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार मुस्कान ने अपनी बहन को प्रेमी के संग आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। जिसके बाद दोनों ने मिलकर मासूम की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार को गदरजुड्डा में नौ साल की लड़की की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। देर रात पिता ने पुलिस को तहरीर देकर अपने रिश्तेदार पिटलोकर सरधना मेरठ हाल निवासी बन्तीखेड़ा थाना बाबरी शामली निवासी मोनू उर्फ गुफरान पर मुस्कान की हत्या का शक जताया था।
मंगलौर कोतवाली में एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी मोनू उर्फ गुुफरान के मृतका की नाबालिग बहन से प्रेम संबंध थे। शनिवार को वह अपने दोस्त इकबाल के साथ अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर दोनों घर की छत पर चले गए।
जल्दबाजी में दोनों दरवाजा बंद करना भी भूल गए। इसी बीच वह बच्ची वहां आ गई और दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। उसने सारी बात घर वालों को बताने की बात कही। इस पर दोनों ने पहले तो उसे मनाने का प्रयास किया, लेकिन जब वह नहीं मानी तो मोनू ने उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया जिससे वह बेहोश हो गई। बाद में मोनू ने उसकी बहन से चाकू मंगाकर उसका गला रेत दिया और उसके शव को बगल में कुर्बान के अर्धनिर्मित मकान में डाल दिया।
पुलिस ने आरोपी मोनू को नगर के बस स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया। मृतका की बहन को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार उसे जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू व ईंट के टुकड़े को भी बरामद किया है। पत्रकारवार्ता के दौरान सीओ परीक्षित कुमार, कार्यवाहक कोतवाल अजय कुमार आदि मौजूद थे।