लव मैरिज के बाद फौजी पति इतना हैवान हो गया कि उसने यूपी में सिपाही अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पति ने पत्नी को इतनी दर्दनाक मौत दी कि जानकर सिहर जाएंगे।
भुजियाघाट के पास गधेरे से शनिवार को बरामद लाश संभल में तैनात महिला सिपाही निशि की थी। उसे और किसी ने नहीं बल्कि उसके फौजी पति अनिल कुमार सैनी ने ही गला घोंटकर मारा था। रविवार को लाश की शिनाख्त हुई तो सारा सच सामने आ गया।
फौजी ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर पत्नी का मुंह तौलिये से दबाया और रस्सी से गला घोंटकर मार डाला। इसके बाद उसके शव को बिस्तरबंद में रखा और बाइक से भुजियाघाट में टूटा पहाड़ के पास गधेरे में फेंक आए। हत्या की वजह फौजी का एक युवती से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। पुलिस ने फौजी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त तौलिया और रस्सी बरामद कर ली है।
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने रविवार को पत्रकारों को बताया कि मुरादाबाद जिले के ततारपुर डिलारी निवासी फौजी अनिल कुमार सैनी ने 12 फरवरी 2014 को बिजनौर जिले के शेरकोट निवासी रमेश वाल्मीकि की बेटी निशि से परिवार की सहमति के खिलाफ प्रेम विवाह किया था।
निशि संभल में 2011 से सिपाही थी। शादी के एक साल तक तो सब ठीक चला लेकिन निशि के गर्भवती होने पर अनिल ने दूरियां बनाना शुरू कर दिया। निशि को शक था कि उसके पति का किसी युवती से चक्कर है इसलिए वह कहीं जाने पर उसे टोकती रहती थी। इससे अनिल चिढ़ने लगा।
ऐसे पकड़ में आया फौज
एक महीने पहले ही वह पत्नी को लेकर कैंट स्थित छावनी में आया था। एसपी सिटी के अनुसार वह पत्नी को मारने के लिए पहले से ही योजना बना चुका था। इसलिए उसने अपनी बहन के देवर मुरादाबाद जिले के मुड़ापांडे निवासी चंदर को भी बुलाया। चंदर दो अगस्त की शाम छह बजे बाइक से फौजी के पास पहुंचा।
उस समय निशि अपनी दस माह की बच्ची के साथ कमरे के बाहर खेल रही थी। चंदर के आने पर अनिल ने खाना बनाने के लिए कहा तो निशि भिंडी काटने लगी। इस बीच फौजी ने कमरे की लाइट बुझा दी और निशि का मुंह तौलिये से दबा दिया।
चंदर ने रस्सी से उसका गला घोंट डाला। बचने के लिए निशि ने फौजी के हाथ पर सब्जी काटने वाले चाकू से वार भी किया लेकिन चंद सेकेंड में वह निढाल हो गई। हत्या करने के बाद दोनों ने निशि के हाथ-पैर बांधे और उसे बिस्तरबंद में रख दिया।
रात करीब आठ बजे बारिश में ही चंदर अपनी बाइक पर सवार हुआ और फौजी वर्दी में अनिल लाश को लेकर पीछे बैठ गया। दोनों ने भुजियाघाट के पास टूटा पहाड़ पर शव को ठिकाने लगाया। दोनों को भरोसा था कि लाश पानी के साथ बहकर चली जाएगी।
कोतवाल केआर पांडे को महिला सिपाही निशि के पिता रमेश ने तहरीर दी कि उसके दामाद अनिल कुमार सैनी ने बेटी निशि की हत्या की है। पुलिस ने इस मामले में धारा 302, 201 के तहत हत्या और साक्ष्य छिपाने का मुकदमा दर्ज किया। कोतवाल के साथ उपनिरीक्षक भगवान गिरी गोस्वामी ने फौजी को वर्कशाप लाइन में रविवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया। फौजी अवकाश लेकर घर जा रहा था। उसने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए रिश्तेदार चंदर को राजदार बताया।