रेशम बुनकरों को चार राज्यों के अध्ययन भ्रमण पर भेजेगा रेशम फेडरेशन
दून सिल्क आउटलेट के शुभारंभ पर सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड को-ऑपरेटिव रेशम फेडरेशन की ओर से प्रदेश के रेशम बुनकरों को चार राज्यों में अध्ययन भ्रमण पर भेजा जाएगा ताकि वे आधुनिक तकनीक, नवीन डिजाइन और उन्नत रेशम उत्पादन प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त कर सकें। यह कहना है सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का। उन्होंने यह बात यहां राजपुर रोड पर दून सिल्क के चौथे रिटेल आउटलेट के शुभारंभ अवसर पर कही।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि अध्ययन भ्रमण से रेशम बुनकरों की कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी। वे देश के अन्य राज्यों में अपनाई जा रही श्रेष्ठ तकनीकों को उत्तराखंड में लागू कर सकेंगे। उन्होंने रेशम फेडरेशन को निर्देश दिए कि भ्रमण के दौरान बुनकरों को इसका अधिकतम लाभ मिले। मंत्री ने रेशम बुनकरों से सीधा संवाद किया। उन्होंने बुनकरों से सवाल किया कि क्या रेशम फेडरेशन उनके साथ पारदर्शिता और ईमानदारी से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान बुनाई कार्यशाला का आयोजन किया गया एवं सिल्क समग्र परियोजना के तहत लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित दिए गए। इस अवसर पर 25 कीटपालकों को चेक वितरित किए गए जबकि बुनाई क्षेत्र से जुड़े लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
फेडरेशन के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ल ने बताया कि रेशम फेडरेशन का लक्ष्य प्रदेश की 10,000 महिलाओं को लखपति दीदी के रूप में सशक्त बनाना है। शीघ्र ही प्रदेश के अन्य शहरों में छह और आउटलेट खोले जाएंगे।
इस अवसर पर सचिव सहकारिता डॉ. इकबाल अहमद, निदेशक रेशम प्रदीप कुमार, पूर्व अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह, महाप्रबंधक मातवर कंडारी आदि मौजूद रहे।