शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम
जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज ने मुस्लिम समाज के लोगों को सलाह दी है कि वे उदारता के साथ काशी और मथुरा भी हिंदुओं को सौंप दें। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को भी राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास के दिन दीये जलाकर प्रसन्नता जताकर एक अच्छा संदेश देना चाहिए।
शनिवार को कनखल स्थित जगद्गुुरु आश्रम में शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज से उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने आशीर्वाद लिया। इस दौरान राम मंदिर निर्माण के लिए चल रही तैयारियों पर चर्चा हुई।
शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज ने कहा कि राम मंदिर का निर्माण बहुत ही पवित्र कार्य है। इससे सैकड़ों वर्षों से चले आ रहे सांप्रदायिक सद्भाव के निर्माण का कार्य होगा। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को राम मंदिर निर्माण में प्रसन्नता व्यक्त करनी चाहिए और मथुरा व काशी में अपने विवादों को हटाते हुए ये दोनों स्थल हिंदुओं को सौंप देना चाहिए।
इससे हिंदू और मुस्लिम समाज के बीच कटुता के जो कारण हैं, वह हमेशा के लिए समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने मुस्लिम समाज के लिए सलाह दी कि राम मंदिर के शिलान्यास के मौके पर दीप जलाकर मंदिर के निर्माण में सहयोग करें और अपनी सहभागिता प्रस्तुत करें। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जमदग्नि, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, डॉ. गौरव मनोचा, अभिषेक कौशिक, शिवकुमार त्यागी मौजूद थे।