रायपुर विधानसभा क्षेत्र के ज्वाल्पा इंक्लेब, मोहकमपुर सहित कई इलाकों में कई दिनों से लोग पेयजल की किल्लत से जूझ रहे हैं। भीषण गर्मी में पानी की कमी से लोगों में आक्रोश है। चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो जल संस्थान के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
एक ओर लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं, दूसरी ओर पेयजल की किल्लत ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। रायपुर विस के कई इलाके ऐसे हैं, जहां पेयजल की जबरदस्त किल्लत बनी हुई है। केशर जन कल्याण समिति के अध्यक्ष एडवोकेट एनके गुसाईं ने बताया कि यहां ज्वाल्पा इंक्लेव, मोहकमपुर, कृष्ण विहार, चंद्रबनी इंक्लेव, गणेश पुरम, शिवनारायण विहार, शिव शक्ति इंक्लेव, कलिंगा विहार, मोहकमपुर कलां, गढ विहार, गढ निवास, संतोष नगर सहित अनेक जगहों पर पानी की विगत लंबे समय से किल्लत बनी हुई है।
कहा कि इस संबंध में कई बार जलसंस्थान से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन आज तक पेयजल की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। कहा कि जल संस्थान के अधिकारी कभी बिजली कटौती तो कभी कुछ और बहाने बनाकर पल्ला झाड़ रहे हैं। कहा कि लोग मेन लाइन पर सीधे मोटर डाल रहे हैं, कुछ दिन रात पीने के पानी का उपयोग खेतों, क्यारियों में कर रहे हैं, लेकिन जल संस्थान ऐसे लोगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा, जिससे किल्लत और बढ़ रही है। चेतावनी दी कि अगर जल्द ही पानी की किल्लत से निजात नहीं दिलाई गई तो क्षेत्रवासियों के साथ विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।