समाज कल्याण विभाग की अंदरुनी कलह अब कोर्ट के दरवाजे पहुंचेगी। विभागीय आला कमान के खिलाफ डिप्टी डायरेक्टर एनके शर्मा ने बाल मुंडवाने के बाद अब हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर ली है।
उनका आरोप है कि जूनियरों का प्रमोशन करने के लिए आला अधिकारी सीनियरों के खिलाफ जबरदस्ती कार्रवाई कर रहे हैं।
हो रहा उत्पीड़न
डिप्टी डायरेक्टर शर्मा का आरोप है कि विभागीय आला अधिकारी उनका उत्पीड़न कर रहे हैं। उन्हें उस समय की गड़बड़ी के सम्बन्ध में आरोप पत्र दिया गया है, जब वह पौड़ी में तैनात ही नहीं थे। उस वक्त पेंशनवाला सॉफ्टवेयर लांच ही नहीं किया गया था।
शर्मा पर सॉफ्टवेयर का प्रयोग न करने का आरोप है। उन्हें नया वेतनमान भी नहीं दिया गया। अलग-अलग मामलों में उन्हें बार-बार चार्टशीट दी जा रही है।
सीनियरों की अनदेखी का आरोप
उनका कहना है कि कई सीनियर अधिकारी हैं, उनका प्रमोशन नहीं किया जा रहा है। ग्रुपबाजी के चलते जूनियरों को आगे कर दिया जा रहा है। शर्मा का पिथौरागढ़ के समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तबादला किया गया है।
शर्मा ने बताया कि जो शख्स उनके अंडर में वीडीओ था, अब वह भी समाज कल्याण अधिकारी हो गया है। विभाग में चल रही अंधरेगर्दी के खिलाफ वह कोर्ट में गुहार लगाएंगे।