जिले के 21वें थाने के रूप में बृहस्पतिवार को सेलाकुई थाना अस्तित्व में आ गया। पहले थानेदार के रूप में वर्ष 2008 बैच के दारोगा विपिन बहुगुणा ने चार्ज ग्रहण किया। थाने में इंडस्ट्री एरिया सेलाकुई के साथ ही आसपास के 27 गांवों को शामिल किया गया है।
अब तक सेलाकुई क्षेत्र सहसपुर थाना क्षेत्र के अधीन था। तीन फरवरी 2020 को सेलाकुई को पुलिस थाना बनाने की अधिसूचना जारी हुई थी। लंबे समय से सेलाकुई चौकी को उच्चीकृत कर थाना बनाए जाने की मांग उठ रही थी। वर्तमान में थाने में 12 सिपाही, दो महिला सिपाही और एक सब इंस्पेक्टर तैनात है। चार्ज ग्रहण करने के बाद स्थानीय जनप्रतिधिनियों ने भी थानाध्यक्ष से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया।
यह क्षेत्र होंगे शामिल
थाना क्षेत्र में सेेलाकुई इंडस्ट्री, टाउन एरिया के साथ ही करीमपुर, रामसावाला, धूमनगर, बख्तावरपुर, राजावाला, जगतपुर खादर, तिलवाड़ी, रेतीवाला, अटकफार्म, तेलपुरा, कैंचीवाला, अब्दुल्लापुर, भगवानपुर, भाऊवाला, बडोवाला, जमनपुर, हरिपुर खेरी, बायां खाला, बहादरपुर, पौड़वाला, जूलो, बेेलोवाला, दुधई, ढालवाला समेत 27 गांवों को शामिल किया गया है।
भाऊवाला में बनेगी चौकी
सेलाकुई थाने के अंतर्गत फिलहाल कोई चौकी नहीं है। ऐसे में फिलहाल फरियादियों को शिकायत लेकर सेलाकुई आना होगा। भविष्य में भाऊवाला में चौकी स्थापित होनी है। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
---
जल्द ही थाने में स्टॉफ को बढ़ाया जाएगा। इससे क्षेत्र में पुलिसिंग कार्य सुचारु रूप से किया जा सके।
-बीएस धोनी, सीओ, विकासनगर