हिमालय पर्यावरण जड़ी बूटी एग्रो संस्थान जाड़ी की ओर से विभिन्न स्वैच्छिक संगठनों के साथ मिलकर बीज बम अभियान का शुभारंभ किया गया है। अभियान 15 जुलाई तक चलेगा।
कोरोना के कारण अभियान सप्ताह का शुभारंभ पटेलनगर में वर्चुअल माध्यम से मुख्य अतिथि कासा (सामाजिक संगठन) के डॉ. जयंत कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान पारिस्थितिक तंत्र को सही करने व मानव-वन्यजीवों के बीच बढ़ रहे संघर्ष को कम करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में अपर प्रमुख वन संरक्षक उत्तराखंड डॉ. कपिल जोशी ने कहा कि बीज बम के जरिए हम वहां वनस्पतियों को उगा सकते हैं जहां कोई मानव नहीं जा सकता। कहा कि खेल-खेल में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अभियान का कार्य सराहनीय है।
वहीं, बीज बम अभियान के प्रणेता द्वारिका प्रसाद सेमवाल ने कहा कि सप्ताहभर चलने वाले इस अभियान आ उद्देश्य देश को जोड़ने और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करना है। वर्चुअल बैठक में डॉ. अरविंद दरमोड़ा, कमलेश गुरुरानी, बीना बिष्ट, प्रमोद कैंतुर नरेश बिजल्वाण सहित देश के 12 राज्यों के 95 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।