जिले में कोरोना टीके के संकट के चलते अब विदेश जाने वाले लोगों को भी कोविशील्ड का टीका नहीं लग पा रहा है। पढ़ाई और नौकरी समेत अन्य जरूरी कार्यों के लिए विदेश जाने वाले लोगों को प्राथमिकता के आधार पर टीके लग रहे थे।
जिले में शुक्रवार को भी बहुत कम लोगों को कोरोना के टीके लग पाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में पिछले तीन दिन से टीके खत्म हैं। जो टीके टीकाकरण केंद्रों पर भेजे गए हैं, उन्हें ही सीमित लोगों को लगाया जा रहा है। शुक्रवार को सिर्फ तीन हजार लोगों को टीके की खुराक लग पाई। जिले में टीके खत्म होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। स्लॉट की बुकिंग और कोविशील्ड के निर्धारित 84 दिन व कोवैक्सीन की पहली खुराक के 28 दिन पूरे होने के बाद लोग टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इसके चलते टीकाकरण केेंद्रों पर हंगामा भी हो रहा है।
शुक्रवार को भी दून अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र पर एक भी टीका नहीं लग पाया। दून अस्पताल में टीकाकरण अभियान की प्रभारी एवं चीफ फार्मासिस्ट सुधा कुकरेती ने बताया कि लोगों को असुविधा न हो इसके लिए गेट पर ही सुरक्षाकर्मियों द्वारा उन्हें टीके खत्म होने की सूचना दी जा रही है। साथ ही अस्पताल के मुख्य गेट और अन्य जगह भी टीके खत्म होने की जानकारी के पर्चे चस्पा किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से टीके मिलते ही लोगों को टीके लगाने शुरू कर दिए जाएंगे।
बेसहारा लोगों को भी लगेंगे टीके
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को जिले में लगभग ढाई हजार टीके लगेंगे। यह टीके पहले ही टीकाकरण केंद्रों पर भेज दिए गए थे। बताया गया कि शनिवार को ऋषिकेश में 50 और देहरादून में 30 बेसहारा लोगों को कोरोना टीके की खुराक लगेगी।