सुप्रीम कोर्ट के दस मई को विधानसभा में बहुमत साबित करने के आदेश के बाद पुलिस ने विशेष सत्र के दौरान कड़ी सुरक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। पुराने सुरक्षा कार्ययोजना में बदलाव के लिए मंथन चल रहा है। खासतौर से विधायकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है।
विधानसभा सत्र के दौरान 18 मार्च को हुए हंगामे के बाद से आए सियासी भूचाल में पुलिस सबसे ज्यादा प्रभावित हुई। राज्यपाल के बाद हाईकोर्ट से दो बार फ्लोर टेस्ट के आदेश हुए, लेकिन मामला कानूनी पैंतरेबाजी में फंसा रहा।
कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस हरकत में
शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस हरकत में आ गई। एसएसपी डा सदानंद दाते ने एसपी सिटी अजय सिंह आदि अधिकारियों के साथ सुरक्षा प्रबंधों को लेकर मंथन किया है। रविवार से विधानसभा मार्ग पर बेरिकेडिंग का काम शुरू हो जाएगा।
सुरक्षा के लिहाज से प्रदेश भर से पुलिस बल की डिमांड की जा रही है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में विधायकों की सुरक्षा को लेकर किसी तरह की कोताही न बरतने के लिए कहा गया है। यदि कोई विधायक अतिरिक्त सुरक्षा की मांग करता है तो उसे तत्काल उपलब्ध करा दी जाए।