भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को समुचित चिकित्सा सुविधा न मिलने पर सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने सरकारी अस्पतालों में जरूरी दवाएं पर्याप्त मात्रा में बढ़ाने की मांग की है। बाद में सीएमओ के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी भेजा।
शुक्रवार को मोर्चा कार्यकर्ता चंदरनगर स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर एकत्र हुए और प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकारी अस्पतालों की हालत लगातार बिगड़ रही है। जिससे मरीजों खासकर गरीब लोगों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। अस्पतालों में दवाएं खत्म हो रही हैं।
नहीं पहुंच रही नई खेप
स्वास्थ्य विभाग दवाओं की नई खेप नहीं भेज रहा है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्र के लोगों को सिरदर्द, बुखार और पेट दर्द जैसी बीमारी के इलाज के लिए भी शहरों में आना पड़ता है। देहरादून के राजकीय संयुक्त चिकित्सालय प्रेमनगर में एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं है।
इस अस्पताल से कुछ महीने पहले चोरी हुई नवजात बच्ची को आज तक पुलिस बरामद नहीं कर पाई है। स्वास्थ्य विभाग ने इस घटना से भी सबक नहीं लिया है। प्रदर्शनकारियों में भाजयुमो की राष्ट्रीय वित्त समिति के सदस्य अमित कपूर, मंडल अध्यक्ष राजेश रावत, विकास कुमार, सचिन कुमार, रोहित मौर्य आदि शामिल रहे।