देहरादून। सचिवालय एथलेटिक्स एंड फिटनेस क्लब की ओर से तृतीय वार्षिक एथलेटिक्स मीट 21 दिसंबर से शुरू होगी। इसमें विभिन्न आयु वर्गों में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं होंगी।
एफआरडीसी हॉल में सोमवार को हुई बैठक में क्लब के अध्यक्ष गिरधर सिंह भाकुनी की अध्यक्षता में सदस्यों ने सचिवालय एथलेटिक्स मीट 21 दिसंबर से महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज रायपुर में कराने का निर्णय लिया। भाकुनी ने बताया कि प्रतियोगिताएं पुरुष व महिला वर्ग में 40 से कम आयु, 40 से 49 वर्ष एवं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आयोजित होंगी। तीन प्रतिस्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को चैंपियनशिप का खिताब दिया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के इच्छुक खिलाड़ी जल्द पंजीकरण करा लें। पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित की गई है। सचिव ललित चंद्र जोशी ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया अभियान को सफल बनाना भी है। बैठक में सलाहकार जीवन सिंह बिष्ट, सुनील लखेड़ा, संदीप चमोला, मगन राणा, राजेंद्र प्रसाद जोशी, सुधा नेगी, रीता कौल, सतीश चंद्र सती, विनोद नौटियाल, राजीव नयन पांडे, राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी आदि उपस्थित रहे।
ये होंगे खेल
100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर पैदल चाल, लंबीकूद, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक, रस्सा-कस्सी आदि।