बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों के साथ ही नीती घाटी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बृहस्पतिवार तड़के पांच बजे मौसम का पहला हिमपात हुआ। बारिश और बर्फबारी से दोनों धामों में ठंड बढ़ गई है।
बुधवार देर रात प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। केदारनाथ और बदरीनाथ में बारिश बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे तक रुक-रुककर होती रही। दोनों धामों में दोपहर बाद मौसम साफ हो गया।
उधर, जोशीमठ क्षेत्र में तड़के से सुबह दस बजे तक बारिश होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। गोपेश्वर में सुबह और शाम ठंडी हवाएं चल रही हैं। जबकि मुनस्यारी और धारचूला की ऊंची चोटियों पर भी बुधवार शाम से लगातार हिमपात हो रहा है।