चोरों ने पौड़ी ब्लाक के राजकीय इंटर कालेज कंडारा से कंप्यूटर के पार्ट्स और खेल का सामान साफ कर लिया। कुछ समय पहले ही चोर इस कालेज के भवन से लकड़ी के तख्ते भी उखाड़कर ले गए थे।
राजकीय इंटर कालेज कंडारा के प्रधानाचार्य बीएस चौहान ने बताया कि कालेज के कंप्यूटर कक्ष में कंप्यूटरों के अलावा खेल का सामान रखा हुआ था।
राजस्व पुलिस में दर्ज करवाई रिपोर्ट
शुक्रवार की रात को अज्ञात चोर रोशन दान से कंप्यूटर कक्ष में घुस गए। वहां से कंप्यूटरों के अंदर का सामान, वहां रखी अलमारी को तोड़कर खेल का सामान चुराकर ले गए।
उन्होंने बताया कि इस मामले में राजस्व पुलिस रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। प्रधानाचार्य चौहान ने बताया कि कुछ समय पहले भी अज्ञात चोरों ने कालेज के भवन में लगे लकड़ी के तख्ते उखाड़कर ले गए थे।
नहीं लगा चोरों का सुराग
रिपोर्ट राजस्व पुलिस में दे दी गई थी। अभी तक चोरों का सुराग नहीं लग पाया है। एसडीएम पीएल शाह ने बताया कि मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना चल रही है।
दूसरी तरफ कमेड़ा के प्रधान प्रमोद खंडूरी ने कालेज प्रशासन और राजस्व पुलिस पर कालेज में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से न लेने का आरोप लगाया है।