पीड़िता के पिता की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने किशोरी द्वारा बताए गए पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और धारा 376 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया था। मामला राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जाल बुनना शुरू कर दिया था।
इधर, मुख्य आरोपी ने बृहस्पतिवार को तेजाब पी लिया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर शाम तक मृतक की पहचान को लेकर संशय बना रहा लेकिन बाद में प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति में इस बात की पुष्टि कर दी गई कि तेजाब पीकर मरने वाला व्यक्ति ही दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी था। पुलिस के अनुसार मामले में नामजद शेष आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द हो जाएगी।