प्रदेश में आई आपदा के बाद से लगातार सेटेलाइट माध्यम का इस्तेमाल बढ़ रहा है। एक ओर इसरो सेटेलाइट के जरिए हालात पर नजर रख रहा है तो उत्तराखंड अंतरिक्ष उपयोग केंद्र की सहायता से प्रदेश में चार जगहों पर मोबाइल वैन भी इस काम में जुटी हैं।
वैन सेटेलाइट सुविधा से लैस
यूसैक के निदेशक डा. एमएम किमोठी ने बताया कि इसरो की सहायता से गुप्तकाशी, बडकोट, पिथौरागढ़ और बद्रीनाथ में मोबाइल वैन तैनात की गई हैं। यह वैन पूरी तरह से सेटेलाइट सुविधा से लैस हैं। चारों वैन का कंट्रोल रूप पुलिस मुख्यालय में बनाया गया है। इससे एक ओर जहां पुलिस व्यवस्था पर निगाह रखी जा रही है तो दूसरी ओर आपदा से जुड़े हर पहलु पर अधिकारी भी नजर रखते हुए दिशा निर्देश दे रहे हैं।
वीडियो कांफ्रेंसिंग भी
वैन से बिना किसी नेटवर्क के सैटेलाइट फोन से बात करने की सुविधा दी जा रही है। साथ ही कैमरे के माध्यम से वीडियो कांफ्रेंसिंग भी आसानी से हो जाती है। जिन अधिकारियों को अपने मातहतों से आपदा की रिपोर्ट लेनी होती है वह इसका उपयोग करते हैं। खास बात यह है कि बेहद खराब मौसम में भी यह वैन बेहद आसानी से काम कर रही हैं।