सर्व शिक्षा अभियान के टीचरों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिल पाया है। खासकर नगर क्षेत्र के स्कूलों में यह समस्या बनी है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक से मिलकर उन्हें स्थिति से अवगत कराया।
जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक हेमलता भट्ट से मिले टीचरों ने कहा कि विभाग की ओर से टीचरों को कई बार समय पर वेतन का आश्वासन मिलता रहा है, लेकिन इस पर अमल नहीं किया जा रहा है। इससे टीचरों को भारी आर्थिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अनंत कुमार सोलंकी ने कहा कि प्राथमिक सहायक से जूनियर हाईस्कूल के सहायक अध्यापक के पद के लिए काउंसिलिंग की गई, लेकिन काउंसिलिंग के बावजूद टीचरों को अब तक कार्यभार ग्रहण करने के आदेश जारी नहीं हुए।
जिला मंत्री रघुवीर सिंह पुंडीर ने बताया कि सर्व शिक्षा का बजट शासन से आवंटित हो चुका है, लेकिन टीचरों को वेतन नहीं मिला। जिला शिक्षा अधिकारी से मिलने वालों में सुभाष वर्मा, शीशपाल सिंह आदि शामिल रहे।