दून अस्पताल के 122 सफाईकर्मियों का वेतन फिर से अटक गया। इससे गुस्साए सफाईकर्मियों ने प्राचार्य का घेराव किया। वे सोमवार सुबह काफी देर तक धरने पर रहे फिर आश्वासन के बाद उठे। इससे सफाई व्यवस्था पर असर पड़ा। सफाईकर्मियों ने मंगलवार से संपूर्ण धरने की चेतावनी दी है।
सफाईकर्मी गंगोत्री, राधा, शीला और रीता ने बताया कि नवंबर और दिसंबर का उनको वेतन नहीं मिला है। यह पहली बार नहीं है जब उनके वेतन के भुगतान में दिक्कत आई हो। पिछले कुछ महीनों से लगातार वेतन न मिलने की समस्या आ रही है। फिर से उनका दो महीने का वेतन अटक गया। सोमवार को धरने के बाद अधिकारियों ने आश्वासन देकर एक दिन की मोहलत मांगी है। उन्होंने प्राचार्य के कार्यालय जाकर उनसे भी बात करने का प्रयास किया लेकिन कोई भी सकारात्मक जवाब नहीं मिला। अगर उनका वेतन नहीं आया तो मंगलवार से वे सभी कार्यबहिष्कार करेंगे। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि वेतन से जुड़ी तकनीकी अड़चन दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।