क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद मास्टर ब्लास्टर अब आराम फरमाने के मूड में हैं। इसके लिए एक बार फिर उन्होंने पहाड़ की रानी मसूरी को चुना है। उनके बुधवार दोपहर यहां पहुंचने की संभावना है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरेंगे
वह सपरिवार सुबह साढ़े नौ बजे विमान से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरेंगे। उसके बाद दोपहर 12 बजे सड़क मार्ग से मसूरी केलिए रवाना होंगे। मसूरी में वह हमेशा की तरह अपने पारिवारिक मित्र संजय नारंग के मेहमान होंगे।
उधर, सचिन के मसूरी पहुंचने से पहले पुलिस, प्रशासन के आला अधिकारियों ने संजय नारंग के होटल रूकबी मेनोर समेत आवास बोथवेल बैंक में तैयारी का जायजा लिया। सूत्रों की मानें तो सचिन का यह दौरा तकरीबन सप्ताह भर का होगा।
पुलिस ने की तैयारियां
वह आने वाली 25 नवंबर तक पहाड़ों की रानी में ही विश्राम करेंगे। उधर, मास्टर ब्लास्टर सचिन के पहाड़ों की रानी के दौरे की सूचना पर लाल टिब्बा और खासकर चार दुकान इलाके में खासा उत्साह का आलम रहा। यही वह इलाका है, जहां सचिन परिवार के साथ अक्सर मैगी, चाउमीन का लुत्फ उठाते रहे हैं।
बता दें कि सचिन का पहाड़ों की रानी मसूरी का यह पांचवां दौरा होगा। उनके दौरे को लेकर पिछले दो दिन से सुरक्षा इंतजामात का जायजा लिया जा रहा है।