तीर्थनगरी की तमन्ना त्यागी को रोमानिया हवाई अड्डा पहुंचने के लिए करीब 14 किलोमीटर का सफर पैदल तय करना पड़ा। वहीं दस्तावेज की जांच को लेकर तमन्ना करीब पांच घंटे तक हवाई अड्डे पर लाइन में खड़ी रहीं, लेकिन जब आठ घंटे के सफर के बाद तमन्ना दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरीं तो उनके चेहरे पर अपने देश सुरक्षित पहुंचने की संतोषभरी मुस्कान थी। तमन्ना ने कहा कि संकट के समय में भारतीय दूतावास परिवार की तरह उनके साथ था।
तमन्ना सोमवार सुबह सात बजे दिल्ली हवाई अड्डे पर पहुंची। यहां से वह दिल्ली में अपने एक रिश्तेदार के घर चली गईं। बेटी का दिल्ली पहुंचने पर गंगानगर में परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
यूक्रेन से सकुशल लौटी तमन्ना की माता रीना त्यागी ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि उनकी बेटी तमन्ना यूक्रेन के इवानो-फ्रंकीव्स्क में एबीबीएस की तृतीय वर्ष की छात्रा है। यूक्रेन और रूस के बीच चल रही लड़ाई से पूरा परिवार सहमा हुआ था। इस दौरान परिजनों की लगातार तमन्ना से फोन से संपर्क बना हुआ था।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि वह बीते 27 फरवरी को दोपहर 12 बजे इवानो-फ्रंकीव्स्क से रोमानिया बॉर्डर के लिए बस पकड़ने के लिए रवाना हुईं। इस दौरान उन्हें करीब 14 किमी पैदल सफर करना पड़ा। रोमानिया हवाई अड्डे से फ्लाइट में बैठने के लिए भी उन्हें करीब पांच घंटे लाइन में खड़ा रहना पड़ा।
रात के 12 बजे उन्होंने रोमानिया से दिल्ली के लिए उड़ान भरी, जो 28 फरवरी को सुबह सात बजे दिल्ली हवाई अड्डा पहुंची, जहां से वह दिल्ली अपने बुआ के घर चली गईं। कहा कि उनकी बेटी मंगलवार या बुधवार को अपने घर ऋषिकेश आएगी। उसके स्वागत में परिजनों ने घर पर उसके लिए एक छोटी से वेलकम पार्टी रखी हुई है।