फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रुद्रपुर: वतस्कर समझकर ग्रामीणों पर की फायरिंग, बच्चा घायल, दो पक्षों के बीच चलीं गोलियां

Sat, 07 Dec 2019 12:34 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रुद्रपुर
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

विवाह समारोह से लौट रहे नाव सवार किशोरों पर वन कर्मियों ने तस्कर समझकर फायरिंग कर दी। इसमें एक बच्चा घायल हो गया। गंभीर हालत में बच्चे को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया है। वहीं, वन विभाग ने क्रॉस फायरिंग का आरोप लगाकर अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

विज्ञापन


क्षेत्र के ग्राम कटपुलिया निवासी गुरमीत सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसका बड़ा पुत्र हरजीत (15) शुक्रवार रात को एक शादी समारोह से लौट रहा था। हरिपुरा और बौर जलाशय के बीच स्थित कट से पार जाने के लिए सवारी नाव न होने से उसने अपने छोटे भाई दीपू (11) को छोटी नाव लेकर आने के लिए कहा था। दीपू नाव लेकर वहां पहुंचा और दोनों भाई नाव से जलाशय पार करने के बाद उससे उतरकर घर की ओर जा रहे थे।

आरोप है कि दूसरी नाव में सवार वन दरोगा मोहन दत्त शर्मा, राजू डोगरा और दो अन्य ने उनके बेटों पर फायरिंग कर दी। इसमें दीपू के कूल्हे के एक हिस्से में गोली लगी और पार कर गई। इससे दीपू लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आननफानन में उसे इलाज के लिए गदरपुर अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे उसे पहले रुद्रपुर और फिर सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बनी है। 
विज्ञापन


फायरिंग की सूचना पर एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र और गदरपुर थाना प्रभारी एसआई ललित बिष्ट पुलिस चौकी पहुंच गए। थानाध्यक्ष प्रभारी बिष्ट ने बताया कि वन विभाग की ओर से वन रक्षक मो. इमरान ने अज्ञात लोगों के खिलाफ उन पर फायरिंग करने की तहरीर दी है। मौके से बरामद एक तमंचा भी पुलिस को सौंपा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धारा 307 आईपीसी और 25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। इधर, गुरमीत सिंह की तहरीर पर वन दरोगा मोहन दत्त शर्मा, राजू डोगरा और दो अन्य के खिलाफ धारा 307 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

मामला संज्ञान में आया है। यह पता चला है कि लकड़ी तस्करी की सूचना पर गई गश्त कर रही टीम पर तस्करों ने फायरिंग की थी। इसके बाद में वन विभाग की ओर से फायरिंग की गई थी। बच्चा कैसे बीच में आया और उसको किसकी गोली लगी, यह जांच का विषय है।
- यूसी तिवारी, एसडीओ

आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन 

घायल दीपू पर फायरिंग करने वाले वन कर्मियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस चौकी में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोपी वन कर्मियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। ग्रामीणों को कहना था कि वन कर्मियों द्वारा पूर्व में भी कई बार ग्रामीणों पर फायरिंग की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग को भी ठोस प्रयास करने चाहिए। 

सात महीने पहले वनकर्मियों की गोली से जा चुकी ग्रामीण की जान 

जलाशय के रास्ते होने वाली लकड़ी तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए गश्त करने वाले वनकर्मियों की ओर से की गई फायरिंग का यह कोई नया मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार वन कर्मी ग्रामीणों पर फायरिंग कर चुके है। बीते चार मई की रात को वन दरोगा राजेश अपने साथियों के साथ नाव पर गश्त कर रहे थे। एक अन्य नाव पर सवार दो लोगों को लकड़ी तस्कर समझकर फायरिंग की गई। वनकर्मियों की गोली से घायल ककराला निवासी रंजीत उर्फ काका की जलाशय में डूबकर मौत हो गई थी। एक अन्य ग्रामीण गुरमीत ने नाव से कूदकर जान बचाई थी।

सात माह बाद अब एक बार फिर से नाबालिग को तस्कर समझकर वन कर्मियों ने फिर से फायरिंग की। इसमें दीपू गंभीर रूप से घायल हो गया। सवाल खड़ा हो रहा है कि क्या शुक्रवार को हुई घटना में नाबालिग के पास कोई लकड़ी बरामद हुई या इनका कोई पूर्व में आपराधिक रिकॉर्ड था। इस सवाल का वन अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं है। वहीं, वन क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र कुमार मेहरा के अनुसार घटना स्थल पर चार गिल्टे खैर और एक तमंचा बरामद हुआ है।

लालपुर में दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग, एक घायल

वहीं लालपुर में हुए दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग हो गयी। इसमें एक युवक जख्मी हो गया, उसे उपचार के लिए परिजन सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले गए। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात लालपुर निवासी अरविंद चौहान हीवा गैस एजेंसी के पास अपने साथियों के साथ खड़े थे। वहां पहुंचे कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया। इसी बीच दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।

बताया जा रहा है कि इस बीच वहां असलहों से फायरिंग हो गयी थी। इससे अरविंद चौहान घायल हो गया। फायरिंग के बाद आरोपित फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। घायल अरविंद को अस्पताल पहुंचाया। जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। लालपुर चौकी प्रभारी ललित रावल ने बताया कि जांच की जा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें