भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में एक और शूटर बरेली से गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़ा गया शूटर अतुल राठौर ग्राम लालऊ थाना दक्षिण फिरोजाबाद का निवासी है। हत्याकांड के मास्टरमाइंड पूर्व सभासद राजेश गंगवार व एक शूटर राजकुमार उर्फ बिट्टू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
रामनगर की पीरूमदारा चौकी पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता पूर्व सभासद राजेश गंगवार को गिरफ्तार कर ऊधमसिंह नगर पुलिस के हवाले कर दिया था। बीते 12 अक्तूबर को पार्षद प्रकाश धामी को शूटरों ने घर के बाहर बुलाकर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी।
हत्या के बाद शूटर सफेद रंग की आई-20 कार में सवार होकर फरार हो गए थे। हत्याकांड की पूरी वारदात पार्षद के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। बीते 30 अक्तूबर को पुलिस ने एक शूटर राजकुमार उर्फ बिट्टू उर्फ अभिषेक निवासी ग्राम बसेरा थाना पिसावा अलीगढ़ को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था।