गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी एलर्ट के मद्देनजर पुलिस ने मुख्य समारोह स्थल परेड ग्राउंड में सख्त पहरा लगाया है। राज्यपाल डा. अजीज कुरैशी समारोह में साढे़ दस बजे परेड की सलामी लेंगे।
मैटल डिटेक्टर की जांच के बाद ही परेड मैदान में जाने की अनुमति होगी। पुलिस ने दस डोर फ्रेम मैटल डिटेक्टर और करीब बीस से अधिक हैंड हेल्ड मैटल डिटेक्टर जांच के लिए लगाए हैं।
देर रात तक चला चेकिंग अभियान
शनिवार देर रात तक पुलिस ने परेड ग्राउंड के अलावा शहर के विभिन्न होटल, धर्मशाला, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों आदि जगह चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी केवल खुराना ने बताया कि सुरक्षा की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
खुफिया विभाग को अतिरिक्त एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। परेड के दौरान शहर में रूट प्लान डायवर्ट रहेगा। मुख्य समारोह परेड ग्राउंड में सुबह दस बजे से करीब 11 बजे तक चलेगा।
अतिथियों के बैठने की व्यवस्था
मुख्य मंच के बांयी तरफ पहली पंक्ति में मुख्यमंत्री के अतिथि, विधानसभा अध्यक्ष, मंत्री, सांसद, विधायक और उनके परिवार के सदस्यों (ए श्रेणी के पासधारक), फिर अधिकारी, न्यायमूर्ति, न्यायिक अधिकारी व परिवारीजन (बी श्रेणी पासधारक), उसके बाद सेनाधिकारी व उनके परिवारवालों (सी पासधारक) के बैठने की व्यवस्था है।
मंच के दायीं तरफ स्वतंत्रता सेनानी व वीरशहीदों के परिवारवालों (डी पासधारक), उसके बाद की पंक्ति में प्रेस (ई श्रेणी) और फिर अन्य अतिथितियों (एफ पासधारक) के बैठने की व्यवस्था की गई है। इसके बाद दर्शक दीर्घा है।
प्रवेश और पार्किंग
कान्वेंट रोड पर वीवीआईपी गेट बनाया गया है। न्यू सर्वे रोड पर बने गेट नंबर एक से ए, बी, सी पासधारक प्रवेश करेंगे। ये अपने वाहन कांन्वेंट रोड की तरफ बनी पार्किंग में खड़े कर सकते हैं।
न्यू सर्वे रोड पर बना गेट नंबर दो जनता के खुला रहेगा। सुभाष रोड पर गेट नंबर तीन से डी, ई और एफ पासधारक के साथ ही जनता भी समारोह स्थल पर प्रवेश कर सकती है। सुभाष रोड से दायीं तरफ डी पास धारक वाहन खड़े कर सकते हैं। ई और एफ पासधारक फॉरेस्ट रेंजर्स मैदान में वाहन पार्क करेंगे।