पूर्व थल सेना अध्यक्ष और केंद्रीय भूतल एवं परिवहन और नागरिक उड्डयन राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने लक्ष्मणझूला से मां कुंजापुरी मंदिर और हरिद्वार से लक्ष्मणझूला तक गंगा किनारे रोपवे बनाने की घोषणा की। उन्होंने जल्द ही इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने के स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
भाजपा की ओर से निकाली गई विजय संकल्प यात्रा के दौरान ढालवाला स्थित सुमन पार्क से मुनिकीरेती के नए पुल पर स्थित सब्जी मंडी तक रैली निकाली गई। कार्यक्रम में पूर्व जनरल ने कहा कि चीन और डोकलाम जैसे मुद्दों पर कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है। कांग्रेस पार्टी को यह पता नहीं है कि भारत की सीमाएं कहां तक हैं। यह सवाल उस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा उठाए जा रहे हैं, जो कि भारत में आने वाली विपदाओं के समय विदेश के दौरे पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सभी सीमाएं सुरक्षित हैं। देवभूमि का प्रत्येक गांव सीमा से जुड़ा है। उत्तराखंड के प्रत्येक परिवार से एक-एक व्यक्ति भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा में लगा है। उत्तराखंड में विकास की कई योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिसमें मुख्य रूप से ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेलवे लाइन जैसी परियोजनाओं का कार्य गतिमान है। रोपवे के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि 10 जनवरी से पहले ही इसे केंद्र को भेजें, जिससे इसे स्वीकृति दिलाई जा सके। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनका संकल्प था कि 100 दिन में 100 सड़कों को स्वीकृति दिलाई जाए। इस दौरान उन्होंने 113 सड़कों को स्वीकृति दिलाई। वह प्रधानमंत्री के ‘एक जनपद एक उत्पाद’ योजना के तहत प्रदेश में कार्य भी कर रहे हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।
इस अवसर पर गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत, नगर पालिका मुनिकीरेती-ढालवाला के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, वीर सिंह रावत, ऋषिकेश मंडी समिति के अध्यक्ष विनोद कुकरेती, राजेंद्र भंडारी, रेखा राणा, मीना खाती, मनीष डिमरी, विनोद सुयाल, विनोद रतूड़ी, राजेश भट्ट, मयंक गुप्ता, निधि शर्मा, प्रशांत चमोली, राकेश गुसाईं, दिनेश भट्ट, मधु भट्ट, शंकर नौटियाल और नलिन भट्ट आदि उपस्थित थे।