तीन बदमाशों ने एक दवा फैक्टरी के प्लांट हेड की कार लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की तो वह कार छोड़कर जंगल के रास्ते फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
नीरज चौधरी निवासी चौधरी चरण सिंह कालोनी, रुड़की भगवानपुर के रायपुर गांव के पास प्राइडेंट लिमिटेड दवा फैक्टरी में प्लांट हेड हैं। बुधवार रात लगभग 10 बजे वह फैक्टरी से कार से घर जा रहे थे। जैसे ही वह टोल प्लाजा के पास पहुंचे तो किसी परिचित की मोबाइल पर कॉल आई।
पति की हत्या: अवैध संबंधों में 'कातिल' बनी पत्नी, कबूला जुर्म... बोली- रोज मारता था...इसलिए रास्ते से हटा दिया
इस बीच उसने कार हाईवे किनारे लगा दी और मोबाइल पर बातचीत करने लगे। इसी बीच तीन बदमाश आए और कार की खिड़की खोलकर मारपीट शुरू कर दी। साथ ही कार लूटकर टोल प्लाजा पर लगे बैरियर को तोड़ते हुए भगवानपुर की ओर फरार हो गए। इस बीच सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार सवार बदमाशों की घेराबंदी शुरू की। इस दौरान पुलिस ने कार को भगवानपुर-इमलीखेड़ा मार्ग से बहादराबाद की ओर जाते देखा और पीछा शुरू कर दिया। साथ ही सूचना बहादराबाद पुलिस को दी। बहादराबाद पुलिस ने भी बदमाशों की घेराबंदी शुरू कर दी।
बदमाशों ने खुद को घिरता देखा तो पथरी पुल पर कार को छोड़कर जंगल में फरार हो गए। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया और भगवानपुर थाने ले आई। इस मामले में प्लांट हेड की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई। प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।