युवक की बरात भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम इनायतपुर निवासी एक ग्रामीण के यहां आई थी। कुछ बरातियों के साथ किसी बात को लेकर ग्रामीणों की नोकझोंक हो गई। नोकझोंक होते देखकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसी दौरान बरातियों और ग्रामीणों के बीच लाठी-डंडे चल गए और मारपीट शुरू हो गई।
रुड़की के भगवानपुर में एक गांव में आई बरात में किसी बात को लेकर बरातियों और ग्रामीणों के बीच जमकर लाठी-डंडे चल गए। साथ ही जमकर मारपीट भी हुई। मारपीट में दोनों पक्षों के 10 लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर दी है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, थाना सिडकुल क्षेत्र स्थित ग्राम हेतमपुर निवासी एक युवक की बरात रविवार को भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम इनायतपुर निवासी एक ग्रामीण के यहां आई थी। कुछ बरातियों के साथ किसी बात को लेकर ग्रामीणों की नोकझोंक हो गई। नोकझोंक होते देखकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। इसी दौरान बरातियों और ग्रामीणों के बीच लाठी-डंडे चल गए और मारपीट शुरू हो गई।
मारपीट में दोनो पक्षों के पिंटू, अर्चित, विकास, विनित, रजत, साहिल, अरुण कुमार आदि लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने थाने में पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, किसी ग्रामीण ने मारपीट की वीडियो बना ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही वीडियो के जरिए मारपीट करने वालों को भी चिह्नित किया जा रहा है।
छतों पर उमड़ी भारी भीड़
बरातियों और ग्रामीणों में मारपीट होती देख छतों पर अन्य ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने बीच बचाव कराने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष आपस में मारपीट करते रहे। करीब आधा घंटे बाद विवाद शांत हुआ।