ज्वैलर्स शोरूम में दिनदहाड़े डकैती पर सर्राफ कारोबारियों ने चिंता जताते हुए आज शुक्रवार को सभी दुकानें बंद रखने का एलान किया है। कारोबारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर आक्रोश जताया। दूसरी तरफ एसएसपी ने कारोबारियों को आश्वासन दिया कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।
शहर के बीचोंबीच शंकर आश्रम पर मोरातारा ज्वैलर्स शोरूम पर हुई डकैती की घटना के बाद शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। डकैती की घटना के बाद सर्राफ कारोबारी आक्रोशित हैं। शोरूम पहुंचने पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
सर्राफ कारोबारियों ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से कारोबारी काम करने से डर रहे हैं। पंचपुरी ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज गुप्ता ने बताया कि जब तक बदमाश पकड़े नहीं जाते बाजार बंद रहेंगे। बाजार में एक तो कोरोना के चलते काम पूरी तरह खत्म हो चुका है। इसके साथ ही इस तरह की घटनाओं से व्यापारी और आतंकित हो गया है।
डकैती से व्यापारियों में दहशत : मेयर
डकैती की घटना पर मेयर अनीता शर्मा ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि डकैती की घटना से व्यापारियों में दहशत बनी है। पुलिस चौराहों पर बिना हेलमेट चालान तक सीमित है। बदमाश घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि शुक्रवार सुबह 11 बजे निपुण गुप्ता के शोरूम पर व्यापारियों के साथ बैठक की जाएगी। जिसमें बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की जाएगी।