उत्तराखंड में सोमवार रात 12 बजे से रोडवेज बसों के पहिए थम जांएगे।
उत्तराखंड परिवहन निगम में चालक परिचालकों को ठेके पर रखने के विरोध में कर्मचारी सोमवार रात 12 बजे से बसों का चक्काजाम कर देंगे। कर्मचारियों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी है।
पहले भी की थी हड़ताल
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर कर्मचारी पांच नवंबर को भी हड़ताल पर रहे थे। मांग पूरी न होने पर चक्काजाम का ऐलान किया गया है। उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री केपी सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर एक बजे मुख्यालय में प्रबंधन के साथ वार्ता होगी।
वहीं सोमवार को ही होईकोर्ट में शासन के निर्णय के खिलाफ दायर की गई याचिका पर सुनवाई भी होगी। उन्होंने बताया 22 अगस्त को हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने रोडवेज में आउटसोर्सिंग से नियुक्ति न करने का आदेश दिया था।
साथ ही ठेके पर तैनात करीब 3500 कर्मचारियों को संविदा पर नियुक्त करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद पंजाब की कंपनी को ठेके पर कर्मचारियों की नियुक्ति का काम दिया गया है।
यूपी की बसों का सहारा
देहरादून से दिल्ली के लिए उत्तराखंड परिवहन की करीब 100 बसें संचालित होती है, जबकि दून से हल्द्वानी के लिए 60 बसें चलती हैं। इन बसों के ठप होने के कारण यात्रियों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली रूट पर अब यूपी परिवहन की बसों का ही सहारा रहेगा। हालांकि, यात्रियों को सीट के लिए मशक्कत करनी पड़ेगी। उधर, डग्गामार वाहनों चालकों की भी मौज रहेगी।