कुलराज सिंह व अंकुश दोनों वाहन का करा रहे थे ट्रायल
वाहन के पीछे चल रहे एक अन्य वाहन के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस व पार्क प्रशासन को दी। साथ ही रेस्क्यू भी शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग के कर्मचारियों ने घायलों को खाई से निकाल कर उपचार के लिए एम्स पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मृतक शैलेश घिल्डियाल (रेंज अधिकारी), प्रमोद ध्यानी (डिप्टी रेंजर), सैफ अली खान पुत्र खलील उल रहमान, कुलराज सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं हिमांशु गोसाई पुत्र गोविंद सिंह (वाहन चालक), राकेश नौटियाल राजाजी नेशनल पार्क, अंकुश, अमित सेमवाल (चालक), अश्विन बिजू (24 वर्ष) (चालक) शामिल हैं। वन्य जीव प्रतिपालक आलोकी लापता चल रही हैं। जिनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ जिला शक्ति नहर में सर्च अभियान चला रही है। कुलराज सिंह व अंकुश वाहन बनाने वाली कंपनी के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। उक्त दोनों वाहन का ट्रायल करा रहे थे।
इलेक्ट्रिक था वाहन
वाहन पार्क प्रशासन को आज भी मिला था। वाहन इलेक्टि्रक था। बताया जा रहा है कि वाहन बैंगलूरू की एक कंपनी का था। वाहन अभी पंजीकृत नहीं था। वाहन में कितने लोग बैठ सकते हैं, यह स्पष्ट नहीं है।
वाहन में बैठे लोगों की संख्या पर भी संशय
वाहन में बैठे लोगों की संख्या पर भी संशय बना हुआ है। विभाग के अनुसार वाहन में 10 लोग सवार थे। जिनमें चार की मौत हो चुकी है। पांच घायल है। तथा एक लापता चल रही हैं। जबकि प्रत्यक्ष दर्शियों ने दो लोगों के चीला नहर में बहने की बात कही है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने एक महिला व एक पुरुष को नहर में बहते देखा है।
ये भी पढ़ें...Jyotish Mahakumbh: करियर और रिलेशनशिप को लेकर चिंतित दिखे युवा...माता-पिता का बेटियों को लेकर बस एक यही सवाल
चीला रेंज में वाहन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश के चीला रेंज में हुई वाहन दुर्घटना में वन विभाग कर्मचारियों की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने वाहन दुर्घटना में मारे गए कार्मिकों की आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है।
मृतक
1- शैलेश घिल्डियाल (रेंज अधिकारी)
2- प्रमोद ध्यानी (उप वन क्षेत्राधिकार)
3- सैफ अली खान पुत्र खलील उल रहमान
4- कुलराज सिंह
घायल
1- हिमांशु गोसाई पुत्र गोविंद सिंह (वाहन चालक)
2- राकेश नौटियाल राजाजी नेशनल पार्क
3- अंकुश
4- अमित सेमवाल (चालक)
5- अश्विन बिजू (24 वर्ष) (चालक)
लापता
1- आलोकी (वन्य जीव प्रतिपालक)
चीला शक्ति नहर बंद कराई
राजाजी टाइगर रिजर्व में कार दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से चीला शक्ति नहर को बंद करा दिया गया है। चीला शक्ति नहर में राजाजी टाइगर रिजर्व की वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी के गिरने के बाद एसडीआरएफ की ओर से शक्ति नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 7:45 बजे प्रशासन की ओर से शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है। पशुलोक बैराज कंट्रोल रूम से बताया गया कि शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है, अग्रिम आदेशों तक नहर बंद रहेगी।