फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अध्यात्म के आंगन में अपराध की दस्तक: अपराधियों का नया ठिकाना बन रहा है ऋषिकेश, दो माह में हुई दो मुठभेड़

Tue, 09 Jun 2026 08:12 AM IST
Renu Saklani राजीव खत्री, संवाद न्यूज एजेंसी, ऋषिकेश।

सार

ऋषिकेश में जनवरी से अब तक करीब 230 प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। दो माह में दो मुठभेड़ हुई हैं। ऋषिकेश अपराधियों का नया ठिकाना बन रहा है।

विज्ञापन
बढ़ता अपराध - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

योग, अध्यात्म और पर्यटन की वैश्विक पहचान रखने वाली ऋषिकेश में अपराध का बढ़ता ग्राफ अब चिंता का विषय बनता जा रहा है। अपराध की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जनवरी से अब तक क्षेत्र में करीब 230 प्राथमिकी दर्ज हो चुकी हैं।

इनमें मारपीट, नशा कारोबार, चोरी, कैसीनो संचालन जैसी अवैध गतिविधियों और संगठित अपराध से जुड़े कई मामले शामिल हैं। स्थिति इतनी चिंताजनक है कि अपराधी पुलिस पर भी जानलेवा हमला करने से नहीं हिचक रहे हैं। योगनगरी में बढ़ते अपराध की तस्वीर पुलिस की लगातार कार्रवाई और खुलासों से ही उजागर हो रही है।

28 मार्च को आईडीपीएल क्षेत्र में होटल के भीतर कथित कैसीनो संचालन के आरोप में 40 लोगों की गिरफ्तारी ने भी शहर को चौंकाया था। गिरफ्तार लोगों में 10 महिलाएं भी शामिल थीं। इससे पहले और बाद में भी नशे के कारोबार तथा अवैध गतिविधियों को लेकर समय-समय पर शिकायतें सामने आती रही हैं।

21 मई को काले की ढाल क्षेत्र में पर्यटकों और कुछ युवकों के बीच हुआ विवाद राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा था। घटना में एक पर्यटक को निर्वस्त्र कर पीटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि पर्यटन सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

सभी आपराधिक घटनाओं का खुलासा

हाल ही में इंद्रमणि बडोनी चौक के समीप एक होटल में सात महिलाओं के मिलने के बाद कुछ संगठनों ने देह व्यापार जैसी गतिविधियों की आशंका जताई थी। हालांकि पुलिस जांच में ऐसी किसी गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई और पुलिस ने आरोपों को खारिज कर दिया, लेकिन इस प्रकरण ने होटलों, गेस्ट हाउसों और किराये के ठिकानों की निगरानी को लेकर बहस जरूर छेड़ दी।

पूर्व में आईडीपीएल कैसीनो कांड के दौरान पुलिस ने भी शहर में देह व्यापार की आशंकाओं को स्वीकार किया था और कुछ होटलों व व्यक्तियों को चिह्नित किए जाने व मामले में कार्रवाई के लिए टीम गठित किए जाने की बात कही थी। वहीं, बीते दो महीनों के भीतर पुलिस और अपराधियों के बीच दो मुठभेड़ होना भी सामान्य घटनाएं नहीं मानी जा सकती।

ये भी पढ़ें...Uttarakhand: अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों की मान्यता के लिए नियमावली जारी, मदरसे छोड़ अन्य में कैसे होगी लागू

8 अप्रैल को देहरादून रोड स्थित वन चौकी के समीप हरियाणा के एक वांछित ट्रक चोर के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इसके ठीक दो माह बाद 8 जून को खांड गांव क्षेत्र में भट्टोवाला फायरिंग कांड के फरार आरोपियों से पुलिस का सामना हुआ। दोनों घटनाओं में शामिल आरोपी दूसरे राज्यों के शातिर अपराधी थे। 

ऋषिकेश में घटी सभी आपराधिक घटनाओं का खुलासा किया गया है। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस मुस्तैदी से कार्य कर रही है। - प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी देहरादून

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें