संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। जौनसार बावर क्षेत्र के खत कोरू के कर्मचारी मंडल की बैठक जौनसार बावर भवन विकासनगर में संपन्न हुई। इस बैठक में चालदा देवता के दोहा से कचटा आगमन से पूर्व की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा करने के साथ आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सदर स्याणा सुनील दत्त जोशी ने बताया कि कचटा गांव में चालदा महाराज के भव्य मंदिर का निर्माण पूरा हो चुका है। अब चालदा देवता के दोहा गांव से कचटा आगमन से पहले मंदिर परिसर में शेष रहे कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1987 में चालदा महाराज ने कचटा से थैना की यात्रा आरंभ की थी। अब लगभग 39 वर्ष बाद पुनः देवता कचटा में विराजमान होंगे।
बैठक में समिति के संरक्षक राजेंद्र चौहान ने खत को जोड़ने वाले मोटर मार्ग, पेयजल, विद्युत व यातायात व्यवस्थाओं को ठीक करने और विभागीय समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर देवता के आगमन से पहले डोरिया आगमन व उसके स्वागत आदि की जिम्मेदारी भी तय की गई।
इस अवसर पर धाम सिंह चौहान, हाकम सिंह चौहान, चमन खन्ना, सुल्तान सिंह, करम सिंह, वीरेंद्र सिंह, स्वराज सिंह, अबल सिंह, अनिल सिंह, चंदन सिंह, आनंद सिंह, राजेंद्र सिंह राठौड़, भारत चौहान आदि उपस्थित रहे।