रेलवे की जमीनों पर अनधिकृत तरीके से कब्जे कर कच्चे, पक्के निर्माण करने वालों के खिलाफ स्थानीय अधिकारियों की अगुवाई में अभियान शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में रेलवे अधिकारियों की अगुवाई में दीपनगर इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान बुलडोजर की मदद से 20 कच्चे और 30 पक्के निर्माणों को हटाया गया।
कुछ अतिक्रमणकारियों ने अभियान का विरोध भी किया, लेकिन मौके पर तैनात आरपीएफ और जीआरपी पुलिसकर्मियों के चलते उनकी एक न चली। विभागीय अधिकारियों के अनुसार रेलवे लाइन की दूसरी तरफ भी रेलवे की जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण किए गए हैं, उन्हें भी जल्द ही अभियान चला हटाया जाएगा।
अधिकारियों का कहना है कि रेलवे की जमीनों पर कब्जा कर किए गए निर्माण को हटाने को लेकर अतिक्रमणकारियों को कई बार नोटिस दिया गया, लेकिन उन्होंने अपने स्तर पर अतिक्रमण नहीं हटाया। इस पर विभागीय स्तर पर अभियान चलाया गया।
रेलवे के पीडब्ल्यूआई विक्रम सिंह का कहना है कि रेलवे की जमीनों पर कब्जे कर जितने भी निर्माण किए गए हैं, सभी को चिह्नित कर हटाया जाएगा। रेलवे की जमीनों का दुरुपयोग किसी को नहीं करने दिया जाएगा।