अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने हाईकोर्ट के 329 रिक्त पदों की लिखित परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को प्रवेश जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा एक दिसंबर को आठ जिलों में 95 केंद्रों पर होगी।
चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी ने बताया कि हाईकोर्ट के अधीन दीवानी और कुटुुंब न्यायालय में कनिष्ठ सहायक, आशुलिपिक, वैयक्तिक सहायक के 329 पदों की लिखित परीक्षा के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। इन पदों के लिए आनलाइन आवेदन करने वाले 45 हजार 544 पात्र अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट
www.sssc.uk.gov.in पर जारी कर दिए हैं।
ओटीआर लॉग इन कर अभ्यर्थी प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए देहरादून में 27, हरिद्वार में 20, श्रीनगर पौड़ी में चार, चमोली में तीन परीक्षा केंद्र बनाए हैं। हल्द्वानी नैनीताल में 18, अल्मोड़ा में आठ, पिथौरागढ़ में छह और ऊधमसिंह नगर में नौ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा होगी।
गढ़वाल मंडल के चार जिलों में 54 केंद्रों पर 27117 अभ्यर्थी और कुमाऊं मंडल के चार जनपदों में 18427 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। लिखित परीक्षा ढाई घंटे की होगी। जिसमें 140 प्रश्न होंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए सुबह 11 बजे से अपराह्न डेढ़ बजे तक परीक्षा ली जाएगी।