रोहित पांडे (26) पुत्र आनंद बल्लभ पांडे की बुधवार सुबह गमगीन माहौल में रामनगर के पुछड़ी गांव स्थित श्मशान घाट पर अंत्येष्टि कर दी गई। इस दौरान रामनगर पूरी तरह शांत रहा।
रोहित की शवयात्रा में घर से लेकर श्मशान तक भारी जनसैलाब उमड़ा। शव को मुखाग्नि चाचा शंकर पांडे, सुरेश पांडे, हरीश पांडे, विरेंद्र पांडे और भाई योगेश पांडे ने दी।
फूलमालाएं चढ़ाकर दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष, एसएसपी सेंथिल अबुदेई, डीएम दीपक रावत, एसपी सिटी नवनीत भुल्लर सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अंत्येष्टि में शामिल होकर रोहित का श्रद्धांजलि दी। अंत्येष्टि तक संवेदना स्वरूप रामनगर और हल्द्वानी में बाजार, स्कूल, कॉलेज सहित सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
सुबह करीब आठ बजे विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, एडीजी रामसिंह मीणा और डीआईजी जीएस मर्तोलिया रोहित के घर पहुंचे। वहां अंतिम दर्शनों के बाद रोहित के शव को कांग्रेसी झंडे में लपेटा गया। इस दौरान रोहित के शव पर फूलमालाएं चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गई।
इसके बाद रोते-बिलखते परिजनों, संबंधियों और दोस्तों के सामने रोहित की शवयात्रा शुरू की गई। शवयात्रा सबसे पहले उनकी दुकान और वहां से रानीखेत रोड होते हुए श्मशान की ओर बढ़ी। इस दौरान शवयात्रा देखने के लिए घरों की छतों, सड़कों और अन्य जगहों पर सैकड़ों लोग जमे रहे।
जगह-जगह जमा लोग भी शवयात्रा में शामिल होते गए और धीरे-धीरे शवयात्रा जनसैलाब में बदल गई। शवयात्रा कोतवाली रामनगर के सामने से होते हुए करीब नौ बजे पुछड़ी स्थित श्मशान घाट पहुंची।
यहां रोहित को कांग्रेसी नेता नारायण पाल, पूर्व दर्जा मंत्री ललित जोशी, राज्यमंत्री प्रयाग पांडे, एसडीएम एसएस जंगपांगी, एसडीएम हल्द्वानी हरबीर सिंह, पूर्व विधायक दीवान सिंह बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डा. निशांत पपनै, पुष्कर दुर्गापाल, ब्लाक प्रमुख संजय नेगी, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भुवन कापड़ी, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर, पूर्व पालिकाध्यक्ष भगीरथ लाल चौधरी, पूर्व दर्जामंत्री डॉ. धनेश्वरी घिल्डियाल, राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अमिता लोहनी, प्रभात ध्यानी सहित सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
अंत्येष्टि के बाद बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान भी खुलने लगे और सन्नाटा खत्म हो गया। दोपहर तक रामनगर सामान्य होकर चलने लगा था।
एडीजी और डीआईजी ने दी सलामी
रोहित की शवयात्रा जब रामनगर कोतवाली के सामने पहुंची तो वहां मौजूद एडीजी रामसिंह मीणा और डीआईजी जीएस मर्तोलिया सहित तमाम पुलिस अधिकारियों ने सम्मान स्वरूप रोहित के शव को सलामी दी। डीआईजी मर्तोलिया के अनुसार पुलिस मैनुअल्स के अनुसार बावर्दी किसी भी शव को सम्मान स्वरूप सलामी दी जा सकती है।
नगर में छाई शोक की लहर
एनएसयूआई कालेज अध्यक्ष रोहित पांडे की मौत से पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई। व्यापार मंडल के आह्वान पर अंत्येष्टि तक बाजार बंद रहे। सुबह 11 बजे के बाद रामनगर के बाजार खुले।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस अब भी मुस्तैद
नगर की स्थिति सामान्य रहे इसके लिए पुलिस प्रशासन बुधवार को भी मुस्तैद नजर आया। डीएम दीपक रावत और एसएसपी सेंथिल अबुदेई ने पुलिसकर्मियों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश थे। हालांकि बुधवार को शहर की स्थिति सामान्य रही।