कभी खबरों में तो कभी गंगोत्री हाईवे पर फंसते-फंसते योग गुरु बाबा रामदेव एवं उनके चार सौ अनुयायी आखिरकार उत्तरकाशी से हरिद्वार के लिए रवाना हो गए हैं।
शुक्रवार को गंगोत्री हाईवे जगह-जगह अवरुद्ध होने के कारण जत्थे को गंगोत्री से कुमाल्टी स्थित पायलट बाबा आश्रम तक 75 किमी दूरी तय करने में 11 घंटे लगे। शनिवार को भी हाईवे अवरुद्ध होने के कारण वे दोपहर दो बजे उत्तरकाशी से रवाना हो सके।
गंगोत्री यात्रा पर गए थे बाबा
15 जुलाई को अपने चार सौ अनुयायियों के साथ योग गुरु बाबा रामदेव गंगोत्री एवं गोमुख ही नहीं इससे पांच किमी आगे दुर्गम दूरी तय कर तपोवन की यात्रा पर गए।
शुक्रवार को गंगोत्री से लौटते समय बारिश के कारण हाईवे जगह-जगह अवरुद्ध होने के कारण वे सुक्की, गंगनानी, हेलगू गाड एवं चड़ेथी भटवाड़ी में घंटों फंसे रहे।
गंगोत्री से सुबह 11 बजे चलकर रात दस बजे कुमाल्टी पहुंचे बाबा रामदेव एवं उनके अनुयायियों ने वहीं पायलट बाबा आश्रम में विश्राम किया।
सुबह पहुंचे थे उत्तरकाशी
शनिवार सुबह नौ बजे कुमाल्टी से रवाना होकर जत्था 11 बजे उत्तरकाशी पहुंचा। इस दौरान धरासू नालूपाणी एवं देवीधार के पास गंगोत्री हाईवे अवरुद्ध होने के कारण पुलिस प्रशासन ने उन्हें उजेली में ही रोक दिया।
यहां कैलाश आश्रम में भोजन-जलपान एवं विश्राम के बाद हाईवे खुलने पर दोपहर दो बजे वे हरिद्वार के लिए रवाना हुए।