राजनाथ केंद्र सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित विकास पर्व में हिस्सा लेने आए थे।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि उत्तराखंड की धरती का गौरवशाली इतिहास रहा है। उत्तराखंड के प्रति देश की गहरी आस्था है। उन्होंने 16 जून 2013 को प्रदेश में आई आपदा में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के लिए व्यक्ति विशेष जिम्मेदार नहीं है। प्रदेश में इस तरह की आपदा की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रदेश सरकार विस्तृत योजना बनाए। केंद्र सरकार इसमें हर तरह का सहयोग करेगी।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को यहां केंद्र सरकार की दो साल की उपलब्धियां बताने पहुंचे थे। एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का कांग्रेस मुक्त भारत का सपना साकार होता दिख रहा है।
कांग्रेस कर्नाटक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत चंद प्रदेशों तक सिमट कर रह गई है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों उत्तराखंड में आए राजनीतिक भूचाल के लिए भाजपा को दोष देना ठीक नहीं है।
'भाजपा ही बना सकती है भारत का भविष्य'
राजनाथ सिंह केंद्र सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर विकासनगर पहुंचे थे।
- फोटो : अमरउजाला
भाजपा के शासनकाल में राजनीति में विश्वास का संकट खत्म हुआ है। भाजपा ही भारत का भविष्य बना सकती है। इस समय भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिली सफलता युगांतकारी परिवर्तन था। मोदी सरकार विश्व में भारत का मस्तक ऊंचा करने का काम कर रही है। इस सरकार ने विश्व पटल पर भारत का मान, सम्मान, स्वाभिमान बढ़ाया है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में विकास और सुशासन को वनवास दे दिया था, जिसकी भाजपा ने वापसी कराई है।
जनसभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, रक्षा राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतपाल मलिक, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान, पूर्व विधायक कुलदीप कुमार ने भी संबोधित किया
'कांग्रेस ने जनता को कभी नहीं दिया हिसाब'
राजनाथ सिंह
- फोटो : अमरउजाला
राजनाथ सिंह ने कहा कि सरकार सभी को नौकरी नहीं दे सकती। लेकिन रोजगार के अवसर प्रदान करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसके लिए केंद्र ने कौशल विकास योजना चलाई है। हमारी सरकार दो साल के कार्यकाल का हिसाब दे रही है। लेकिन कांग्रेस ने कभी जनता को हिसाब नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि अटल सरकार के शासनकाल में सड़कों के चौड़ीकरण का जो सिलसिला शुरू हुआ, उस पर मोदी सरकार तेजी से काम कर रही है। वित्त वर्ष 2016-17 में सरकार ने 25000 किमी सड़क बनाने का लक्ष्य रखा है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में विकास और सुशासन को वनवास दे दिया था, जिसकी भाजपा ने वापसी कराई है।
विधानसभा चुनाव में मिलूंगा
राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य में उत्तराखंड में विधान सभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में वो फिर विकासनगर आएंगे। उन्होंने कहा कि वे लोकसभा चुनाव के दौरान भी विकासनगर आए थे। तब प्रदेश की जनता ने पांचों लोकसभा सीटें जिताकर भाजपा की झोली भर दी थी।