राजधानी दून में रात को उमस के बाद मंगलवार सुबह की शुरुआत बारिश के साथ हुई। पहाड़ पर जमकर लेकिन दून में हल्की बारिश ने मौसम को खुशनुमा बना दिया।
कुछ घंटे बाद ही उमस ने अपना प्रकोप दिखाया लेकिन शाम को बारिश से फिर मौसम बदल गया। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
गढ़वाल-कुमाऊं में जमकर बारिश
मौसम विभाग ने दो दिन में मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे तक दून में 28.2 मिमि बारिश रिकॉर्ड की है। हालांकि शाम को फिर जमकर मेघा बरसे। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि बुधवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
गढ़वाल और कुमाऊं के कई जिलों में जमकर बारिश होगी। राजधानी दून में दिनभर बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी का सिलसिला जारी रहेगा।
बारिश की वजह से राजधानी के पारे में कोई गिरावट तो दर्ज नहीं हुई लेकिन लोगों को उमस से राहत जरूर मिली। सोमवार को अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री था, तो मंगलवार को अधिकतम तापमान स्थिर रहा जबकि न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी खतरे की चेतावनी से इंकार किया है।
मसूरी में पल-पल बदला मौसम
मसूरी। पर्यटन नगरी में बुधवार सुबह से ही मौसम के कई रंग देखने को मिले। सुबह धूप खिली तो 11 बजे नगर के चारों और घनघोर कोहरा और धुंध छा गई। आलम यह था कि लोगों को कारों की हेड लाइटें ऑन करनी पड़ी। दोपहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। फिर धूप खिलने से मौसम में आर्र्दता बढ़ गई। शाम को खुशनुमा मौसम में मालरोड पर पर्यटकों ने जमकर लुत्फ लिया।