महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और केरल से देहरादून आने वाले रेल यात्रियों की नए सिरे से कोरोना जांच शुरू कर दी गई है। इन राज्यों में कोरोना संक्रमण के तेजी से बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार, शासन, जिला प्रशासन व रेल प्रशासन की ओर से यह कदम उठाया गया है। इन राज्यों से आने वाले यात्रियों की विधिवत जांच के बाद ही स्टेशन से बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी।
बता दें, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और केरल जैसे राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। ऐसे में उत्तराखंड सरकार, शासन, जिला प्रशासन के अलावा रेलवे ने एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल ने बताया कि महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और केरल जैसे राज्यों से आने वाले यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग के साथ ही जांच भी कराई जा रही है। इसके अलावा नई दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों पर भी पैनी नजर है। सभी यात्रियों की जांच के साथ ही उनके नाम पते दर्ज किए जा रहे हैं।
सिर्फ ओखा से आ रही उत्तरांचल एक्सप्रेस
स्टेशन अधीक्षक परिचालन सीताराम शंकर ने बताया कि महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और केरल आने-जाने वाली ज्यादातर ट्रेनों का संचालन पहले से ही ठप हैं।
सिर्फ देहरादून से ओखा गुजरात के बीच संचालित उत्तरांचल एक्सप्रेस का संचालन सप्ताह में एक दिन (शनिवार) को हो रहा है। इसके अलावा देहरादून-बांद्रा एक्सप्रेस व देहरादून कोच्चिवेली एक्सप्रेस का संचालन देहरादून के बजाय ऋषिकेश से हो रहा है। ऐसे में इन राज्यों से आने वाले रेलयात्रियों की संख्या बेहद कम है।