घंटों की बिजली कटौती और घटिया मीटर के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने देहरादून ऊर्जा भवन पर प्रदर्शन कर एमडी का घेराव किया। एमडी से मिलने को लेकर भाजपाइयों और पावर कारपोरेशन के सुरक्षाकर्मियों में तीखी नोकझोंक भी हुई।
सोमवार को मोर्चा की महानगर इकाई के कार्यकर्ता बल्लीवाला चौक पर एकत्र हुए। वहां से पावर कारपोरेशन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ऊर्जा भवन पहुंचे और प्रदर्शन किया। गेट पर तैनात पावर कारपोरेशन के सुरक्षाकर्मियों ने कार्यकर्ताओं को अंदर जाने से रोकना चाहा। इससे वहां धक्कामुक्की हो गई।
हंगामे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कार्यकर्ता एमडी एसएस यादव के केबिन में पहुंचे और उनका घेराव किया। एमडी ने हाल में कार्यकर्ताओं से वार्ता की। मोर्चा के महानगर अध्यक्ष श्याम पंत और महामंत्री राजेश रावत ने कहा कि शहर की बड़े क्षेत्र में घंटों की बिजली कटौती हो रही है। कई बार स्थानीय स्तर पर शिकायत करने के बावजूद अधिकारी संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं।
भाजपा के महानगर महामंत्री आरएस ढिल्लो ने आरोप लगाया कि कारपोरेशन द्वारा जो विद्युत मीटर लगाए जा रहे हैं, वे घटिया हैं। एक साल से पहले ही खराब होने पर उसे ठीक करने का खर्च भी उपभोक्ता से वसूला जा रहा है। मोर्चा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी कि समस्याओं का जल्द समाधान न हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
एमडी ने कहा कि समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में मोहित शर्मा, राजेश रावत, महेश जगूड़ी, हिमांशु, सुरेंद्र कुमार, सचिन गुप्ता, शुभम नेगी आदि शामिल रहे।