विभागों में तालमेल की कमी का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। प्रेमनगर के आसपास के क्षेत्रों में पानी के कनेक्शन देने या लीकेज सही करने के लिए रोड कटिंग तो हो रही है, लेकिन यहां पैचवर्क नहीं हो पा रहा है।
दिक्कत यह है कि रोड कटिंग से पहले लोक निर्माण विभाग से एनओसी नहीं ली जा रही है। मुख्य पेयजल लाइन के लिए रोड कटिंग होनी है तो उसके लिए एनओसी लेनी की जिम्मेदारी जल संस्थान की है।
जबकि, घरों में कनेक्शन देने के लिए सड़क खोदे जाने पर लोगों को खुद एनओसी लेनी होती है। इसके लिए फीस भी जमा करनी होती है। ऐसा करने पर ही लोक निर्माण विभाग खोदी गई सड़क पर पैचवर्क कराता है। हालांकि, लोगों की इसकी जानकारी नहीं है। जलसंस्थान के कर्मचारी भी बिना एनओसी ही सड़क खोद देते हैं।
खुदाई से यहां दिक्कत
राघव-विहार, नहर वाली सड़क, ठाकुरपुर, गडरिया मोहल्ला, देवीपुर, उमेदपुर, अंबीवाला, शुक्लापुर, बनियावाला, पीतांबरपुर, बड़ोवाला, गोरखपुर, शहीद गजेंद्र सिंह शिमला बाईपास मार्ग आदि।
इनकी सुनिए
जल संस्थान को लोगों को बताना चाहिए कि पहले अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने के बाद ही सड़क को खोदा जाए। इसके लिए बकायदा अलग से पैसे भी जमा कराने होते हैं। अब भी कई जगह काम चल रहा है लेकिन लोनिवि को कोई सूचना नहीं दी जाती।
-देवेंद्र शाह, एई, लोक निर्माण विभाग
जो भी प्लंबर काम करने जाता है, वह उपभोक्ताओं को नियम की जानकारी देता है। विभाग की ओर से भी लोगों को लोनिवि से एनओसी लेेने के लिए कहा जाता है।
-एसएल जुयाल, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान