- सीएम बोले, विकास योजनाओं को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
- मुख्यमंत्री ने सुनीं विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा जन सुनवाई से सरकार को जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी मिलती है और समाधान के लिए प्रभावी निर्णय लिए जाते हैं। विकास योजनाओं को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
रविवार को सीएम आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, भूमि संबंधी समस्याओं व शिकायतों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी शिकायतों व समस्याओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर प्रत्येक प्रकरण की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही व अनावश्यक विलंब न किया जाए।
सीएम ने कहा सरकार की प्राथमिकता है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को उसकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान प्राप्त हो। जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम शासन और जनता के बीच संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम हैं, जिनके माध्यम से सरकार को जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी प्राप्त होती है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सरकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ सुगम व समय पर लोगों को प्राप्त हो। इस मौके पर फिल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उत्तराखंड में चारधाम यात्रा में श्रद्धालु के लिए की गई बेहतर व्यवस्थाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन बेहतर यात्रा व्यवस्थाओं के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। आंगनबाड़ी कर्मियों ने भी उनकी समस्याओं और मांगों पर सकारात्मक आश्वासन के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।