उत्तराखंड विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने वायु सेना के पूर्व अधिकारी कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी के साथ पाकिस्तान में हुए दुर्व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन किया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि पाकिस्तान सरकार को कुलभूषण जाधव को जल्द रिहा करना चाहिए।
उत्तराखंड विकास मंच के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पोस्ट ऑफिस से रैली निकाली और पाक के खिलाफ नारेबाजी की। बिरला चौक पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा केंद्र सरकार और सभी राजनीतिक दलों को एकजुट होकर पाकिस्तान पर दबाव बनाना चाहिए।
कुलभूषण जाधव
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में जाधव की मां और पत्नी के साथ जो सलूक पाक के अधिकारियों ने किया इससे पूरे देश की जनता का अपमान हुआ है। श्रमिक नेता मनोज मंडल ने कहा कि पाकिस्तान अपनी ओछी मानसिकता के चलते हमेशा ही इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देता है।
उन्होंने कहा कि बार-बार पाकिस्तान द्वारा सीज फायर का उल्लंघन कर अशांति फैलाने का काम किया जा रहा है। केंद्र सरकार को कड़े कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में छोटेलाल शर्मा, मोहनलाल, विरेंद्र कुमार, विक्की गुप्ता, अनुज श्रीवास्तव, सुखबीर चौहान, कुंवर सिंह मण्डवाल, आरएस रतूड़ी, असीम जोशी, रोहित सेठी, राजा भाटिया, गोपाल कृष्ण, साधुशरण पंडित, ओमप्रकाश कालियान, राजकुमार कश्यप, श्यामजीत आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।