- सहसपुर कोतवाली पहुंच जताया विरोध, पुलिस ने हटवाया कूड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़ा रामपुर में खेड़ा मंदिर के रास्ते पर दूसरे समुदाय के दो लोगों के कूड़ा डालने के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। कोतवाली पहुंचकर जमकर विरोध जताया। कूड़ा डालने वाले दोनों लोगों पर कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पुलिस ने मंदिर के रास्ते से कूड़ा हटावाया। साथ ही दोनों लोगों को रास्ते पर कूड़ा न डालने के निर्देश दिए।
बड़ा रामपुर में गांव का खेड़ा मंदिर है। सोमवार को कुछ लोग मंदिर पहुंचे तो देखा कि रास्ते में काले रंग के कई पॉलिथीन बैग में कूड़ा भरकर रखा गया है। इससे आवाजाही बाधित हो रही थी। ग्रामीणों के कहने के बाद भी कूड़ा नहीं हटाने पर विरोध बढ़ गया। ग्रामीण एकत्र होकर कोतवाली पहुंचे और जमकर विरोध प्रकट किया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक विकास रावत ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कूड़ा डालने वाले दोनों लोगों को कोतवाली बुलाया और रास्ते से कूड़ा हटाने केे निर्देश दिए। दोनों ने उन्हें बताया कि जहां कूड़ा पड़ा है वह भूमि उनकी है। पुलिस के निर्देश के बाद रास्ते से कूड़ा हटवाया गया। कोतवाली प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि मंदिर के पास अब्बास और अब्दुल सत्तार का कबाड़ का गोदाम है। मंदिर के रास्ते की भूमि भी उनकी ही है। दोनों को रास्ते पर कूड़ा न डालने के निर्देश दिए गए है। रास्ते पर पहले भी विवाद हो चुका है। मामले में एसडीएम को रिपोर्ट भेजी जा रही है। कानूनी रूप से विवाद सुलझने तक दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।