प्रेमनगर पुलिस ने जमीन दिलाने के नाम पर जमनपुर निवासी एक व्यक्ति से 78 लाख रुपये हड़पने के आरोप में वांछित प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किय गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
प्रेमनगर एसओ धनराज बिष्ट ने बताया कि जमनपुर निवासी हाजी मोहम्मद अली ने मुकदमा दर्ज करवाया था। आरोप लगाया कि मोहम्मद अमजद निवासी ग्राम परवल थाना पटेलनगर ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर बताते हुए अपने साथियों के साथ मिलकर झाझरा में 10 बीघा जमीन दिखाई थी। इसके बदले में उसने पीड़ित से 78 लाख रुपये हड़प लिए। एग्रीमेंट होने के बाद जब पीड़ित ने रजिस्ट्री के लिए कहा तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में न तो पैसे वापस किए और न ही रजिस्ट्री की। एसओ ने बताया कि एसएसपी के आदेश के बाद वाछितों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना के बाद आरोपी को नया गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के साथ दो अन्य लोग भी धोखाधड़ी में शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।