सीआरपीएफ के देहरादून सेक्टर मुख्यालय में तैनात कमांडेंट अनिल ध्यानी को सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक दिया गया है। इनके साथ ही पुलवामा में तैनात सीआरपीएफ के कमांडेंट देंवेंद्र सिंह नेगी को वीरता के लिए राष्ट्रपति पदक दिया गया है। दोनों अधिकारी 1994 में बतौर असिस्टेंट कमांडेंट भर्ती हुए थे।
इनमें कमांडेंट देवेंद्र सिंह नेगी मूल रूप से उत्तरकाशी के अठाली गांव के रहने वाले हैं। वह त्रिपुरा, मिजोरम, कर्नाटक, दिल्ली, गुजरात, आंध्रप्रदेश, कश्मीर व छत्तीसगढ़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें यह पुरस्कार पुलवामा में विभिन्न ऑपरेशन के तहत आतंकवादियों को मार गिराने के लिए दिया गया है। उन्हें सीआरपीएफ की ओर से भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। इधर, अनिल कुमार ध्यानी ने जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद-370 हटाने के बाद माहौल को शांतिपूर्वक बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। इसके अलावा उन्हें यह पुरस्कार चुनावों को कराने के लिए दिया जा रहा है। मा.सि.रि.