दुकानों या मॉलों में प्रतिबंधित पालीथिन बैग मिलने पर प्रति बैग पांच सौ रुपए वसूलने के हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को प्रशासन एवं नगर निगम की टीम ने उत्तराखंड के हल्द्वानी में विशाल मेगामार्ट और ईजी-डे में छापामारी की।
इस दौरान विशाल मेगामार्ट से 5017 और ईजी-डे से पालीथिन के 626 बैग बरामद हुए। प्रशासन ने इन पालीथिन बैगों के हिसाब से विशाल मेगामार्ट पर 25 लाख 850 रुपए और ईजी-डे पर 3 लाख 13 हजार का जुर्माना लगाया।
प्रतिबंधित पालीथिन रखने और बेचने वालों पर उत्तराखंड में यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है। इस कार्रवाई से छोटे दुकानदारों में भी खलबली मच गई है।
हाईकोर्ट ने 15 जुलाई से नैनीताल जिले में पॉलीथिन के इस्तेमाल पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया था। हाईकोर्ट के आदेश पर अमल के लिए जिला प्रशासन ने स्थानीय नगर निकाय के साथ संयुक्त टीमें भी बनाई हैं।
टीमों के ढुलमुल रवैये पर हाईकोर्ट ने बृहस्पतिवार को कड़ी आपत्ति जताते हुए पॉलीथिन मिलने पर प्रति बैग पांच सौ रुपए के हिसाब से जुर्माना लेने के आदेश दिए थे।