हम किसी को निमंत्रण देते हैं तो उसकी स्वेच्छा पर छोड़ते हैं: रेखा आर्य
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य का कहना है कि उन्होंने निमंत्रण दिया है कनपटी पर बंदूक नहीं रखी। स्वेच्छा है पुण्य कार्यक्रम में आप आना चाहते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि वह समझती हैं कि किसी को कार्यक्रम में रहना है या नहीं यह उसकी इच्छा पर निर्भर करता है। जब हम किसी को निमंत्रण देते हैं तो उसकी स्वेच्छा पर छोड़ते हैं।
कार्यक्रम में कुछ लोग पहुंचते हैं और कुछ नहीं पहुंचते। यह छोटी मानसिकता का प्रतीक है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा तब कहां थे जब प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अपनी पुत्री का वैवाहिक कार्यक्रम कर रहे थे। रेखा आर्य ने कहा कि धार्मिक आयोजन के लिए किसी अधिकारी को कोई निर्देश नहीं दिया गया है। हम उन संस्कारों में पले बढ़े हैं जिसमें धार्मिक कार्यक्रम के लिए निवेदन करने के साथ ही निमंत्रण दिया जाता है। इस कार्यक्रम के लिए समस्त प्रदेशवासी आमंत्रित हैं।
मुझे पता नहीं कनपटी पर बंदूक कैसे रखते हैं : करन माहरा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि वह सुसंस्कृत परिवार से हैं उन्हें पता नहीं कि कनपटी पर बंदूक कैसे रखते हैं। सीएम ने एक आदेश पारित किया था, कुछ दिन पहले कि किसी भी अधिकारी व कर्मचारी को छुट्टी नहीं मिलेगी। बरसात का मौसम है आपदा आ सकती है। यह भी कहा था कि हम भ्रष्टाचार को सहन नहीं करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के घर में कोई कार्यक्रम हो या सार्वजनिक कार्यक्रम हो उसका आप निमंत्रण दे सकते हैं। सरकारी उच्च अधिकारी के माध्यम से मातहतों को आदेश जारी नहीं कर सकते।
ये भी पढ़ें...थाने में बेदर्दी: आपबीती लेकर पहुंची दुष्कर्म पीड़िता की मदद के बदले रखी गई घिनौनी शर्त, एसओ की शर्मनाक हरकत
यह पत्र सरकारी पत्र है। एक निजी कार्यक्रम के लिए सरकारी आदेश करने का क्या कारण हैं। इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम भी उत्तर प्रदेश में हैं। जब सीएम खुद कह रहे हैं कि अधिकारी व कर्मचारी अपना स्थान नहीं छोड़ेंगे तो कर्मचारियों को बरेली आने के लिए कैसे कहा जा रहा है। यह तो सीएम के आदेश की अवहेलना है। इससे नई परिपाटी शुरू होगी, इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। प्रदेश में बरसात और कावंड यात्रा चल रही है। कोई मंत्री इस तरह के आदेश करवाएगा तो यह निंदनीय है।