फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नैनीसार मामले में BJP को घेरने की तैयारी में कांग्रेस

Wed, 17 Feb 2016 09:56 AM IST
ब्यूरो / अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
विज्ञापन
जमीन की खरीद-फरोख्त के मामलों को लेकर अब कांग्रेस उत्तराखंड में भाजपा को घेरने की तैयारी कर रही है।
विज्ञापन


मंगलवार को मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने नैनीसार जमीन के मामले को लेकर भाजपा की मंशा पर ही सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी संकेत दिया कि वह जल्दी ही जमीनों की खरीद फरोख्त से संबंधित सरकार के स्तर से जुटाई गई जानकारी को सार्वजनिक करेंगे।

सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में मीडिया से मुखातिब सुरेंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा नैनीसार मामले को लेकर हो-हल्ला मचाना बंद करे। नैनीसार में शिलान्यास समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। कांग्रेस ने नैनीसार में जो कुछ भी किया वह नियमों के अधीन और राज्य की नियमावली के तहत ही किया।
विज्ञापन


सुरेंद्र कुमार ने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह नामों का खुलासा भी कर देंगे। भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि एक-एक रुपये का नजराना लेकर करोड़ों रुपये की जमीन पर किन भाजपा नेताओं का कब्जा किया हुआ है। अगर घेराव ही करना है तो भाजपा के सांसदों को राज्य हित में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करना चाहिए। केंद्र सरकार के खास रुख की वजह से राज्य को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है और यह भाजपा के सांसदों से भी छिपा हुआ नहीं है।

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी जमीनों के मामले को लेकर भाजपा पर जल्द ही हमला बोलने का संकेत दिया। किशोर ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से 1990 से लेकर अब तक की जमीन के तमाम सौदों की जानकारी जुटा ली हैं।

यह जानकारी उनको मिल भी गई है। इसके लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया था। जल्द ही इस जानकारी को सार्वजनिक भी करेंगे। माना जा रहा है कि इस बहाने कांग्रेस प्रदेश में भाजपा के कुछ बड़े नेताओं को कठघरे में खड़ा करने की कोशिश में है।

भाजपा मुख्यालय को लेकर भी आरोप-प्रत्यारोप
भाजपा मुख्यालय में नौ फरवरी को एक महिला को कमरे में बंद करने के कथित मामले में कांग्रेस ने भाजपा पर सवाल उठाया है। सुरेंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा नेता यह बताएं कि नौ फरवरी की रात को एक महिला को भाजपा मुख्यालय में कमरे में बंद करके बाहर से ताला क्यों लगाया गया।
विज्ञापन


इसके जवाब में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता मुन्ना सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के नेता बार बालाओं के डांस करने और अन्य कई मामलों में चर्चाओं में रहे हैं। कांग्रेस नैतिकता का पाठ न पढ़ाएं। भाजपा मुख्यालय में व्यवस्था के तहत कार्मिक नियुक्त हैं और उनका परिवार भी आता जाता है। कांग्रेस ने इस मामले को मुद्दा बनाकर अपनी मानसिकता का परिचय दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें